डीग के राजकीय अम्बेडकर छात्रावास में समाज कल्याण सप्ताह के तहत जन चेतना दिवस मनाया गया। इस दौरान समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और कुप्रथाओं के प्रति जागरूकता फैलाने पर मंथन किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह ने छात्रों से बाल विवाह, दहेज प्रथा और नशे जैसी बुराइयों को न अपनाने तथा दूसरों को भी इनके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष विभाग के सहायक निदेशक डॉ. राजेश कुमार जांगिड़ ने उपस्थित बच्चों और नागरिकों को आयुर्वेद, स्वास्थ्य, ब्रह्मचर्य और स्वच्छता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। आयुष विभाग के डॉ. राजेश जैमन ने बच्चों को नियमित अध्ययन और स्वस्थ दिनचर्या के बारे में विस्तार से बताया। कृषि विपणन बोर्ड के सहायक अभियंता जीवनराम ने छात्रों को मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे भविष्य के करियर विकल्पों की जानकारी प्रदान की। अंत में उपस्थित सभी व्यक्तियों और बच्चों को समाज में व्याप्त कुप्रथाओं को समाप्त करने, बाल विवाह के विरुद्ध रहने और नशा न करने की शपथ दिलाई गई।


