सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने सोमवार को जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी से मुलाकात की। उन्होंने सिवाना विधानसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं और ढांचागत विकास से संबंधित 6 महत्वपूर्ण मांगें रखीं। ये मांगें मुख्य रूप से यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्टेशन विकास से जुड़ी थीं। विधायक भायल ने मोकलसर रेलवे स्टेशन पर चेन्नई एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। उनका कहना था कि इससे स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी। उन्होंने मायलावास गांव में बंद होने वाली रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण पर जोर दिया, जिससे यातायात जाम और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा। इसके अतिरिक्त, बामसीन फाटक और देवलियारी फाटक पर भी ओवरब्रिज निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की गई। अजीत खेजड़ियाली की ओर रेलवे लाइन पर स्थानीय जनता की मांग के अनुरूप अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव भी दिया गया। भायल ने समदड़ी और बालोतरा स्टेशनों के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा की। उन्होंने मोकलसर और समदड़ी स्टेशनों के नवीनीकरण तथा यात्रियों के लिए अतिरिक्त प्लेटफॉर्म निर्माण की मांग भी रखी। इस दौरान रामपुरा-बालोतरा स्टेट हाईवे 68 के दोहरीकरण के कारण रेलवे बाउंड्री में आ रही लगभग 6 किलोमीटर सड़क पर भी विस्तृत चर्चा हुई। बताया गया कि इसमें से करीब 2.5 किलोमीटर सड़क रेलवे चारदीवारी में आती है, जिस पर जल्द ही विस्तृत सर्वे कर समाधान निकाला जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने विधायक भायल को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की सभी मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता के हित में आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएंगे।


