दतिया में युवक की हत्या, पड़ोसी पर आरोप:गोली लगने के बाद ग्वालियर-दिल्ली रेफर, इलाज के दौरान मौत

दतिया में कोतवाली थाना क्षेत्र में मातन के फहरे के पास शनिवार देर रात 11 बजे आपसी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां से झांसी और फिर ग्वालियर रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर किया, जहां सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मृतक चंद्रशेखर रायकवार पिता तुलसीदास रायकवार शनिवार रात करीब 11 बजे अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान पड़ोसी जितेंद्र वर्मा उर्फ गिट्टे ने उसे फोन कर बुलाया। चंद्रशेखर उसके लिए खाना लेकर गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात पर विवाद हो गया और गिट्टे ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली चंद्रशेखर के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल चंद्रशेखर ने परिजनों को फोन कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल लेकर आए। वहीं, पुलिस भी सूचना पर मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गंभीर हालत के कारण डॉक्टरों ने उसे झांसी रेफर किया, बाद में ग्वालियर और फिर दिल्ली रेफर किया गया। सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चंद्रशेखर की मां सुनीता ने बताया कि बेटा मजदूरी करता था और रात में घर पर ही था। पड़ोसी गिट्टे ने फोन कर बुलाया था। वह उसके लिए खाना लेकर गया था, लेकिन वहां जाकर क्या विवाद हुआ, यह स्पष्ट नहीं है। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसे गोली मार दी गई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा उर्फ गिट्टे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *