पन्ना जिले के चोपरा गांव में सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने दो अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा। यहां दो आरोपियों से 46 पाव देशी शराब जब्त की। दो दिन पहले यानी 4 अक्टूबर को गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर शाहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिलाओं ने बताया था कि गांव में करीब 6 जगहों पर अवैध शराब बेची जा रही है और उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की थी। आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पांडेय ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी महिलाओं से उनकी समस्या सुनी। महिलाओं ने बताया कि शराब के नशे में युवक गांव में उत्पात मचाते हैं और घर जाकर महिलाओं से मारपीट करते हैं तथा जबरन पैसे छीन लेते हैं। देखिए तस्वीरें कई परिवार टूटने के कगार पर शिकायत करने वाली महिला पान बाई ने बताया कि सरकार की लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली राशि भी गांव की कई महिलाओं के पति निकलवा कर शराब पी जाते हैं। गांव में शराब बिकने से बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। कई परिवार टूटने के कगार पर हैं। ग्रामीणों से अवैध शराब बेचने वालों के ठिकाने की जानकारी मिलने के बाद आबकारी टीम ने छापा मारा। छापेमारी में दो आरोपी गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।


