कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर युवक का शव नजर आया। जिसकी सूचना मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को दी। जिसके बाद कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से बाहर निकवाया। पुलिस ने एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में शव रखवा दिया है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय ईशान भटनागर कैथुनी पोल निवासी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, ईशान कई महीनों से डिप्रेशन में चल रहा था और नौकरी न मिलने से तनावग्रस्त था। रविवार शाम से घर से गायब था युवक कुन्हाड़ी थाना एसआई भंवरलाल ने बताया कि रविवार शाम से ही युवक अपने घर से गायब था। आज चंबल नदी में उसका शव मिला। मृतक युवक के पिता ने पहचान की हैं। पुलिस का मानना है कि तनाव के चलते उसने सुसाइड जैसा कदम उठाया होगा। फिलहाल शव को एमबीएस अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है। मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में सुसाइड के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


