पॉलिटिकल रिपोर्टर| रांची प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को कहा कि स्वदेशी भाव ने हमें आजादी दिलाई। एक बार फिर स्वदेशी से ही भारत आत्मनिर्भर बनेगा। स्वतंत्रता आंदोलन में स्वदेशी भाव को मजबूत किया गया। चाहे नमक आंदोलन हो या सत्याग्रह। भारत छोड़ो आंदोलन हो या दांडी मार्च। सबने स्वदेशी भाव को ही जागृत किया था। चरखा और खादी स्वदेशी अभियान के ही अस्त्र-शस्त्र थे। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यशाला को मरांडी संबोधित कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा सहित प्रदेश पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। स्वदेशी आंदोलन ने देश भर में जोर पकड़ा : संजय सेठ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि आज स्वदेशी आंदोलन देश भर में जोर पकड़ चुका है। भारत में आज 1 लाख 92 हजार स्टार्टअप हैं। नेवी स्वदेशी उपकरणों के साथ आत्मनिर्भर हो गया है। देश में 6 करोड़ से ज्यादा एमएसएमई हैं। रक्षा क्षेत्र में भारत का निर्यात 34% बढ़ा है। वहीं, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू ने कहा कि आज भारत में बिकने वाले 99.2% मोबाइल मेड इन इंडिया हैं। भारत से खिलौने का निर्यात 239% बढ़ गया। फार्मेसी क्षेत्र में भारत अमेरिका को 40% और ब्रिटेन को 25% दवाई निर्यात करता है।


