डोरंडा के कुसई में दो दिन पूर्व सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर कोयलांचल शांति सेना द्वारा 40 राउंड फायरिंग करने का दावा किया गया था। सोशल मीडिया पर कोयलांचल शांति सेना ने एक वीडियो पोस्ट कर राहुल गैंग को धमकी दी थी कि ये सिर्फ झांकी है। इसके बाद और बड़ी घटना को अंजाम दिया जाएगा। केएसएस के इस दावे के बाद सोमवार को राहुल दूबे गिरोह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर 5 अक्टूबर को चंदवा साइडिंग टोरी में गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहुल दूबे गिरोह की ओर लिखा गया है कि यह घटना तुम्हारे कान का पर्दा हटाने के लिए था। साइडिंग पर फायरिंग कर तुम्हे चेतावनी दी गई है। मेरी बात को तुमने नजर अंदाज किया ये उसी का परिणाम है। अगली बार अॉफिस, घर व गाड़ी पर बम फेंका जाएगा। राहुल गिरोह ने पोस्ट में यह भी लिखा है कि सुजीत भैया आप ये कोयलांचल शांति सेना के नाम पर जो खेल खेल रहे हैं न, इसका पूरा शांति भंग कर देंगे। रांची पुलिस जुटी जांच में, बाइक का लगाया जा रहा है पता डोरंडा में फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद रांची पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। घटना में कौन लोग शामिल थे इसका पता लगाया जा रहा है। उस बाइक का पता लगाया जा रहा है जिसके ये लोग डोरंडा के कुसई में पहुंचे थे। पुलिस उस रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी को खंगाल रही है।


