जालंधर| वाहन चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य इस समय पूरे शहर मे ही एक्टिव हैं। हर दूसरे दिन किसी न किसी इलाके में एक्टिवा, मोटरसाइकल व अन्य टू व्हीलर चोरी हो रहे हैं। रविवार रात को थाना-8 के अधीन आते दोआबा चौक व सोढल रोड पर चोरों ने बाइक चुरा लीं और मौके से फरार हो गए। सारी घटना सीसीटीवी मे कैद हो गई और चोरी की सूचना थाना-8 की पुलिस को दी गई। जिसने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों के बयान नोट किए। पहली घटना सोढल रोड पर स्थित सिल्वर प्लाजा मार्केट में हुई। जानकारी देते हुए इरफान पुत्र सलीम ने बताया कि वह खाना खाने के लिए आए था। कुछ समय बाद वह जब वह घर वापस जाने के लिए अपने बाइक के पास आया तो उसका बाइक गायब था। रेस्टोरेंट के पास लगे सीसीटीवी को चैक किया तो देखा कि एक युवक उसकी बाइक पर बैठा है और कुछ ही समय बाद उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। दूसरी घटना दोआबा चौक के पास बर्गर बनाने वाली दुकान के बाहर हुई। चोर ने मात्र 5 सैकेंड में बाइक को चाबी लगाकर चोरी कर लिया। पीड़ित युवक ने चोरी की घटना के बारे में कंट्रोल रुम पर सूचना दी। जिन्होंने थाना-8 में इस चोरी की सूचना दी। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों मामलों को लेकर इलाके में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।


