टीकमगढ़ शहर के अस्पताल चौराहे पर धरना प्रदर्शन और चक्का जाम करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक अज्ञात आरोपी सहित 30-40 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई 26 सितंबर को हुई घटना के संबंध में की गई है, जिसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था। यह मामला अस्पताल चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक उदय राज सिंह गौड़ की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि प्रदर्शन में एबीवीपी और भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे, जिस पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई पूर्व MLA का तंज इस पुलिस कार्रवाई के बाद भाजपा के पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया पर तंज कसा है। उन्होंने अपने अकाउंट पर लिखा, “कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है, धन्यवाद। ‘सरदार बहुत खुश होगा शाबाशी देगा’।” सउनि उदयराज सिंह गौड़ ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 सितंबर को शाम 4 बजे अस्पताल चौराहे पर 30-40 व्यक्ति इकट्ठा हुए थे। उन्होंने खुद को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का समर्थक बताया और उनके साथ अन्य लोग भी जुड़ गए। पुलिस अधिकारियों के सामने लगाया जाम पुलिस अधिकारियों द्वारा पूछताछ करने पर प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे पुलिस विभाग के खिलाफ कार्रवाई न होने के विरोध में चक्का जाम कर रहे हैं। उन्होंने रास्ता बंद कर दिया और घोषणा की कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, किसी को रास्ता पार नहीं करने दिया जाएगा। इस चक्का जाम के कारण वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2) और 121 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


