माधव नगर हत्याकांड: आरोपी को बचाने पर SI निलंबित:हत्या से दो दिन पहले हमलावर पर कार्रवाई में बरती थी लापरवाही

कटनी में गगन बजाज हत्याकांड मामले में उप निरीक्षक (SI) दिनेश करोसिया को निलंबित कर दिया गया है। उन पर हत्या के आरोपी साहिल वाधवानी के खिलाफ कार्रवाई में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने यह कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में से एक साहिल वाधवानी ने 3 अक्टूबर को माधव नगर निवासी रॉकी मोटवानी के घर पर अपने साथियों के साथ हमला किया था। रॉकी मोटवानी ने इसकी शिकायत माधव नगर पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बावजूद, SI दिनेश करोसिया को साहिल वाधवानी द्वारा उत्पात मचाने और गंभीर घटना को अंजाम देने की आशंका की जानकारी थी। इसके बावजूद, करोसिया ने इस मामले में जानबूझकर ढिलाई बरती। पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई जांच में पाया गया कि करोसिया ने आरोपी को बचाने की नीयत से न केवल लापरवाही बरती, बल्कि दिनांक और समय के साथ कूट रचना भी की। कर्तव्य के प्रति इस घोर लापरवाही और संदिग्ध आचरण के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन कटनी भेज दिया गया है। निलंबित SI की लापरवाही से जुड़ा आरोपी साहिल वाधवानी, 4 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे हुई गगन उर्फ गागा (25) पिता कालू राम बजाज की नृशंस हत्या में शामिल है। रॉबर्ट लाइन निवासी गगन विसर्जन देखकर लौट रहा था, तभी मामूली कहासुनी में तीन आरोपियों ने मिलकर उसे चाकुओं से गोदकर मार डाला था। इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपी अभय दुबे (24) निवासी सिविल लाइन और आशीष उर्फ भूरा तिवारी निवासी सिविल लाइन उड़िया मोहल्ला हैं। साहिल वाधवानी (21) मूलतः दमोह का निवासी है और वर्तमान में हॉस्पिटल लाइन, माधव नगर में रहता है। हत्यारों को नहीं मिली पुलिस रिमांड, जेल भेजा गया​ पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों को फिर से न्यायालय में पेश किया और घटना की विस्तृत जांच के लिए एक दिन की और रिमांड की मांग की। हालांकि, न्यायालय से पुलिस को रिमांड नहीं मिली। न्यायालय ने तीनों हत्यारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *