डूंगरपुर में बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के बरोठी के पास सोमवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक लग्जरी कार अनियंत्रित होकर 3 से 4 बार पलट गई। कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंची और ट्रक से टकराने के बाद सर्विस रोड पर जा पलटी। हादसे में अहमदाबाद के जिम इक्विपमेंट बिजनेसमैन अश्विन सिंह (40) पुत्र सत्यदेव ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बिजनेस मीटिंग से लौट रहे थे अहमदाबाद बिछीवाड़ा थाने के एएसआई लालशंकर ने बताया कि मृतक अश्विन सिंह अपने साथी रवि पुत्र अविनाश भाई के साथ कार से उदयपुर में बिजनेस मीटिंग के लिए आया थे। मीटिंग के बाद दोनों सोमवार दोपहर अहमदाबाद लौट रहे थे। नेशनल हाईवे 48 पर बरोठी के पास अचानक एक बाइक सवार उनकी कार के सामने आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अश्विन ने ब्रेक लगाई, जिससे कार बेकाबू हो गई। डिवाइडर तोड़ ट्रक से टकराई कार कार 40 फीट तक पलटती चली गई और डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अश्विन के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। इलाज के दौरान मौत, साथी को रेफर किया गया घायल अश्विन और रवि को पहले बिछीवाड़ा हॉस्पिटल लाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान अश्विन की मौत हो गई। शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, रवि को अहमदाबाद के लिए रेफर किया गया है। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा पूरी तरह ओवर स्पीड और अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के कारण हुआ। पुलिस अब ट्रक और बाइक चालक दोनों से पूछताछ करेगी।


