भाजपा सिरोही नगर मंडल की ओर से आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को डाक बंगला में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर किया गया। नारायण देवासीमुख्य वक्ता एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाना और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करना ही देश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि “मजबूत सेना देश की रक्षा को सशक्त बनाती है, और आज भारत की बढ़ती ताकत के कारण विश्व की बड़ी शक्तियां भी हमारे आगे झुक रही हैं।” देवासी ने इस अभियान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को सक्षम और स्वावलंबी बनाना है, ताकि भारत विश्व में अग्रणी राष्ट्र के रूप में उभरे। स्वदेशी को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प अरुण ओझापूर्व जिला उपाध्यक्ष अरुण ओझा ने लोगों से भारत में निर्मित वस्तुओं के अधिक से अधिक उपयोग की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आत्मनिर्भर भारत अभियान को घर-घर तक पहुंचाएं और प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं। जनभागीदारी से ही बनेगा आत्मनिर्भर भारत कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया जा रहा आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनांदोलन है। इसका उद्देश्य हर भारतीय को सक्षम और स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की शुरुआत स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से होती है, जिसे ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है। दीपावली जैसे त्योहारों पर स्वदेशी उत्पादों की खरीद-बिक्री को प्रोत्साहित करने और उपहार, वस्त्र, सजावट की सभी वस्तुएं ‘मेड इन इंडिया’ लेने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।


