टीकमगढ़ में सात दिवसीय भागवत कथा शुरू:कलश यात्रा निकली, व्यास पीठ पर बैठेंगे महंत सीताराम दास महाराज

टीकमगढ़ के सुभाष पुरम कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन शुरू हो गया है। मंगलवार को कलश यात्रा के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। बुंदेलखंड पीठाधीश्वर महंत सीताराम दास महाराज कथा का वाचन करेंगे। सिविल लाइन रोड स्थित शिव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाते हुए शामिल हुईं। शोभा यात्रा में कथावाचक महंत सीताराम दास महाराज के साथ अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा के आयोजक हरिशंकर सोनी ने बताया कि यह आयोजन 7 से 13 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से हरि इच्छा तक कथा का श्रवण किया जा सकेगा। कथा के दौरान 8 अक्टूबर को प्रथम स्कंध, सुवेदव आगमन और परीक्षित गृह त्याग, 9 अक्टूबर को ध्रुव प्रहलाद चरित्र, 10 अक्टूबर को समुद्र मंथन, बली वामन संवाद, राम जन्म और कृष्ण जन्म का वर्णन होगा। इसके बाद 11 अक्टूबर को नंदोत्सव, भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं और गिरिराज पूजन, 12 अक्टूबर को कंस वध तथा 13 अक्टूबर को रुक्मिणी विवाह और सुदामा चरित्र के साथ कथा का विश्राम होगा। कथा के समापन के बाद 14 अक्टूबर को हवन पूजन किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 3 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन होगा। कलश यात्रा में सुरेश दौंदेरिया, प्रदीप तिवारी, हरीश धमनियां, राकेश उपाध्याय, गौरव शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *