बिजनेसमैन बोला था-फिरौती के नाम पर 100 रुपए नहीं दूंगा’:इसलिए की हत्या, रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी, लिखा-हम किसी को नहीं भूलते

राजस्थान के कुचामन में बिजनेसमैन की हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। हत्या के कुछ देर बाद रोहित गोदारा के गुर्गे वीरेंद्र चारण सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। जिसमें लिखा- रमेश रुलानिया ने वीडियो जारी कर कहा था कि 100 रुपए का नोट भी नहीं दूंगा। हम किसी को नहीं भूलते, सबकी बारी आने वाली है। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, नवंबर, 2024 में फिरौती की धमकी मिलने के बाद रमेश रुलानिया को सुरक्षा दी गई थी, लेकिन बाद में यह सुरक्षा हटा ली गई। इसके कुछ समय बाद ही उनकी हत्या हो गई। आशंका है कि रुलानिया की तभी से रैकी की जा रही थी। उन्होंने पिछले 10 दिनों से जिम जाने का समय बदला था, जिसकी जानकारी हमलावरों को थी। बाजार बंद, थाने के सामने धरना बिजनेसमैन की हत्या को लेकर कुचामन में भारी नाराजगी है। नाराज परिवार और व्यापारियों ने उनका शव लेने से इनकार कर दिया है। फिलहाल थाने के सामने आरोपियों को पकड़ने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं और बाजार बंद है। पहले पढ़िए सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा … रोहित गोदारा के गुर्गे वीरेंद्र चारण ने सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में लिखा- आज सुबह कुचामन सिटी के जिम में रमेश रुलानिया की हत्या हुई है। हत्या की जिम्मेदारी हम लेते हैं- हमने यह करवाया। हमने उसे एक साल पहले फोन किया था; तब उसने हमारे लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर कहा था-मैं तुम्हें 100 रुपए का नोट भी नहीं दूंगा, ले लेना। आज सबको पता चल गया होगा कि हम किसी को नहीं भूलते। थोड़ा वक्त लग सकता है, पर सबकी बारी आएगी। जो भी हमारे फोन को इग्नोर और अनसुना करे, वह तैयार रहे- सबकी बारी आने वाली है। ट्रेनर बोले- 10 दिन से जल्दी आ रहे थे जिम जिम ट्रेनर जितेंद्र ने बताया कि कुचामन थाने के पास ही रमेश रूलानिया का बाइक शोरूम है। नवरात्र के बाद दीपावली के कारण यह सीजन का समय है, इसलिए पिछले 10 दिन से वह सुबह 5.30 बजे जिम आ रहे थे; सामान्यतः वे सुबह सात बजे आते थे। जितेंद्र ने बताया कि आज सुबह भी 5.30 बजे जिम खोलने के बाद वे तैयार होने के लिए चले गए थे। इस दौरान तेज आवाज आई। पहले उन्हें लगा कि जिम में कुछ गिर गया होगा, लेकिन तभी जिम से आए एक व्यक्ति ने कहा कि फायरिंग हो गई है और रमेश रूलानिया को गोली लगी है। गोली कंधे पर लगी थी। घायल को तुरंत कुचामन के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब पढ़ें क्या है पूरा मामला … इनपुट देने वालों को पुलिस ने गुजरात से पकड़ा था जानकारी के अनुसार, रमेश रूलानिया समेत पांच व्यापारियों को नवंबर 2024 में विदेशी नंबरों से वॉट्सऐप कॉल कर धमकी दी गई थी। इन कॉल्स में गैंगस्टर रोहित गोदारा ने दो से पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। मामला सामने आने पर पुलिस ने जांच शुरू की और 4 आरोपी (सफीक खान, फहिम खान, सरफराज खान, साहेब खान) को सूरत के एक टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस ने चारों बदमाशों को बाजार में पैदल घुमाया था। गैंग को जानकारी पहुंचाने वाला हिस्ट्रीशीटर सफीक जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपियों ने ही रोहित गोदारा को कुचामन के व्यापारियों की जानकारी दी थी। इस मामले में मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सफीक खान के जिम टाउन स्थित ऑफिस से एक पेन ड्राइव बरामद हुई, जिसमें सफीक और रोहित गोदारा के बीच हुई बातचीत रिकॉर्ड थी। इस ऑडियो में फिरौती की पूरी साजिश का खुलासा हुआ। फरवरी 2025 में फिर मिली धमकी इस मामले के बाद भी फरवरी 2025 में दो व्यापारियों को फिर से रोहित गोदारा के नाम से धमकी मिली थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। कुचामन के पांच व्यापारियों से करोड़ों रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई चार्जशीट में बताया गया कि जांच के दौरान लॉरेंस गैंग के गुर्गे सफीक और रोहित गोदारा के बीच हुई डील की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में मिली है। ऑडियो में फिरौती की साजिश, व्यापारियों की जानकारी और धमकी देने की साजिश की विस्तार से प्लानिंग रिकॉर्ड थी। चूरू के सुजानगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है वीरेंद्र चारण अपराध की दुनिया का बेखौफ नाम बनाने की चाहत रखने वाला 38 साल का वीरेंद्र चारण चूरू जिले के सुजानगढ़ में एक छोटे से गांव बोबासर का रहने वाला है। वीरेंद्र चारण सुजानगढ़ सदर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ तीन से ज्यादा मर्डर सहित 13 केस हैं। वह कई मामलों में जेल जा चुका है। रतनगढ़, चूरू, सीकर, अजमेर और जयपुर जेल में सजा काट चुका है। माना जाता है कि जयपुर और अजमेर जेल में रहते हुए उसके बड़े गैंगस्टर्स से संपर्क बने। वीरेंद्र चारण के खिलाफ सुजानगढ़ में दो, सालासर में तीन, रतनगढ़ में दो, रतननगर में एक, लाडनूं में एक, दुधवाखारा में एक, चूरू कोतवाली में एक और सीकर उद्योग नगर थाने में एक मुकदमा दर्ज है। 5 दिसंबर 2023 को जयपुर में गोगामेड़ी की उनके आवास पर गोली मारकर हत्या के मामले में भी वीरेंद्र चारण का नाम सामने आया था। वीरेंद्र चारण ने इस हत्या की साजिश रची थी और शूटर नितिन फौजी व रोहित राठौड़ को हथियार और विदेश भेजने का लालच देकर तैयार किया था। इसके अलावा, दिसंबर 2023 में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या और अप्रैल 2024 में जालौर के एक ज्वेलर को फिरौती के लिए धमकाने के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था। वीरेंद्र चारण ने अपनी पहचान बदलकर फर्जी पासपोर्ट बनवाया और कई देशों की यात्राएं कीं। वर्तमान में वह भारत से बाहर किसी अन्य देश में छिपा हुआ बताया जा रहा है। उसके खिलाफ 14 मई 2024 को रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। संबंधित ये खबरें भी पढ़ें… राजस्थान में बाइक शोरूम-होटल के मालिक की गोली मारकर हत्या:जिम में हमला, एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाली गैंग ने दी थी धमकी जिम में एक्सरसाइज करते हुए एक बिजनेसमैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन सिटी में हुई हत्या के बाद दहशत फैल गई है। बिजनेसमैन रमेश रुलानिया को गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गया। घटना मंगलवार सुबह 5.40 बसे स्टेशन रोड इलाके की है। (पूरी खबर पढ़ें) हिस्ट्रीशीटर और रोहित गोदारा के बीच फिरौती की बातचीत:पैनड्राइव में मिली कुचामन के व्यापारियों को धमकी देने की पूरी प्लानिंग, पुलिस ने कोर्ट में पेश की चार्जशीट कुचामन में पांच व्यापारियों से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस की ओर से कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट सामने आई है। ये चार्जशीट व्यापारियों ने कोर्ट से हासिल की है। (पूरी खबर पढ़ें) 16 साल से घर से बेदखल गोगामेड़ी मर्डर का मास्टर-माइंड:वीरेंद्र चारण का पिता बोला- उसकी शक्ल नहीं देखना चाहता, फोटो तक जला डाली श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड की साजिश का सबसे बड़ा किरदार है वीरेंद्र चारण। जो इस पूरे मामले का मास्टर माइंड है। अब तक की जांच में सामने आ चुका है कि वीरेंद्र ने ही शूटर रोहित राठौड़ और नितिन फौजी को गोगामेड़ी का फोटो भेजकर हत्या के लिए कहा था। (पूरी खबर पढ़ें)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *