हनुमानगढ़ की बेटियों ने राज्य स्तरीय नेटबॉल में जीते स्वर्ण-रजत:19 वर्षीय वर्ग में स्वर्ण, 17 वर्षीय में रजत पदक हासिल किया

हनुमानगढ़ की बेटियों ने सवाईमाधोपुर में आयोजित 69वीं राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता (छात्रा वर्ग) में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिले की 19 वर्षीय छात्रा वर्ग की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 17 वर्षीय छात्रा वर्ग की टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान, 19 वर्षीय वर्ग का फाइनल मुकाबला हनुमानगढ़ और जयपुर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक प्रदर्शन करते हुए, हनुमानगढ़ की टीम ने 25-14 के अंतर से जीत हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ, हनुमानगढ़ की स्वर्ण पदक विजेता बालिकाएं अब आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। टीम की इस शानदार उपलब्धि पर मंगलवार को हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। विधायक गणेश राज बंसल, जिला नेटबॉल संघ अध्यक्ष मनोज पारीक, सुशील जोशी सहित अनेक खेलप्रेमी और अभिभावक छात्राओं के स्वागत के लिए स्टेशन पर पहुंचे। सभी ने विजेता छात्राओं का माला पहनाकर, रंग-गुलाल लगाकर और मिठाइयां खिलाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि हनुमानगढ़ की बालिकाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश स्तर पर स्वर्ण और रजत जीतने वाली ये बालिकाएं आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम ऊंचा करेंगी। टीम के प्रशिक्षकों अजय जोशी, मनोज सहारण, पवन और पवन नोखवाल ने बताया कि छात्राओं ने कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और टीम भावना के बल पर यह सफलता हासिल की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *