करौली पुलिस का सर्च अभियान, 115 अपराधी गिरफ्तार:जिलेभर में 63 टीमों ने 481 स्थानों पर दी दबिश, अवैध शराब-बजरी जब्त

करौली पुलिस ने जिलेभर में एक व्यापक सर्च एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया, जिसके तहत 115 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान अवैध शराब और बजरी भी जब्त की गई। अभियान में 283 पुलिसकर्मियों की 63 टीमों ने 481 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। जिला पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि इस अभियान में चार जघन्य मामलों में वांछित अपराधी, एक स्थायी वारंटी, छह गिरफ्तारी वारंटी और दो सामान्य मामलों के आरोपी पकड़े गए। इसके अतिरिक्त, सात अपराधियों को विभिन्न अधिनियमों के तहत और 95 को शांति भंग तथा चालानशुदा मामलों में गिरफ्तार किया गया। पुलिसकर्मियों की 63 टीमों ने 481 जगहों पर दबिश देकर 115 अपराधियों को किया गिरफ्तार, फोटोज… एरिया डोमिनेशन के तहत आर्म्स एक्ट में 198 चालानशुदा आरोपियों की जांच की गई, जिनमें से 24 के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई। इसी प्रकार, आबकारी एक्ट के तहत 439 चालानशुदा आरोपियों की जांच कर 55 के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के दो नए मामलों में 123 पव्वे अवैध देसी शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। खनन अधिनियम के तीन नए मामलों में 28 टन बजरी जब्त की गई और पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया। अभियान के दौरान सेक्सटॉर्शन के माध्यम से ठगी करने वाले एक साइबर ठग को भी पकड़ा गया, जबकि हत्या के प्रयास के दो आरोपियों को दबोचा गया। आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम में पूर्व में चालानशुदा आठ अपराधियों को भी धारा 126-170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। एसपी सोनवाल ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *