भास्कर न्यूज | सूरजपुर भटगांव थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 1 लाख 50 हजार का गांजा जब्त किया है। थाना भटगांव पुलिस को 6 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बंशीपुर निवासी अनीश गुप्ता अपने घर के आंगन में गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखे हुए है। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी 39 वर्षीय अनीश गुप्ता पिता कपिल प्रसाद के घर दबिश दी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के आंगन के कोने में जमीन के नीचे दो डिब्बों में छिपाकर रखा गया 4 किलो 180 ग्राम गांजा मिला। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके पर गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना भटगांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) व 29 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही जिन्होंने तत्परता और सतर्कता से मादक पदार्थ को बरामद करने में सफलता पाई।


