नगर निगम ने मंगलवार को न्यू मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों और व्यापारियों के बीच काफी बहस हुई। अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा- हम व्यवस्था सुधारना चाहते हैं, आप सुधरने नहीं देते। खुद कलेक्टर को माला पहनाते हो और कहते हो भोपाल को जयपुर जैसा बना दो, फिर खुद ही अतिक्रमण कर लेते हो। व्यापारी, अधिकारियों से दो मिनट का समय मांगते रहे, लेकिन अधिकारी बोले, कितने भी मिनट दे दो, आप लोग सुधरने वाले नहीं। अब एक भी सामान बाहर नहीं रहेगा। इसके बाद निगम अमले ने कार्रवाई शुरू की तो कुछ व्यापारियों ने कर्मचारियों से सामान छीनने की कोशिश की। निगम ने हाल ही में खींची थी लाइन, दुकानदार फिर बाहर ले आए सामान अतिक्रमण अधिकारी भदौरिया ने बताया कि न्यू मार्केट को पहले ही नो हॉकर्स जोन घोषित किया गया था और व्यापारियों को दुकान के बाहर निर्धारित रेखा खींचकर दी गई थी, ताकि उसी सीमा के भीतर सामान रखा जाए। बावजूद इसके, कई दुकानदारों ने सामान तय लाइन से काफी बाहर रख लिया है। कुछ ने आगे बढ़कर तिरपाल और बल्लियां गाड़कर रास्ता संकरा कर दिया था। निगम अमले ने दुकानों के लिए तय लाइन के बाहर रखे टेबल काउंटर, स्टैंड, टीन, पाइप, लूज कपड़े और अन्य सामग्री जब्त की। करीब तीन ट्रक से अधिक सामान जब्त कर लिया गया। विरोध को देखते हुए एहतियात के लिए मौके पर पुलिस बल भी बुलाया गया। अवैध हॉकर्स भी हटाए : कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने अवैध हॉकर्स को भी हटाया। इस दौरान क्षेत्र में मुनादी कराई कि आगे से अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


