भास्कर न्यूज| भगत देवरी बसना मंडल के अंतर्गत ग्राम रसोड़ा में मंगलवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत एक भव्य बैठक और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम में हरियाली और मातृ सम्मान का सुंदर संगम देखने को मिला। पांच पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण किया गया, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता ने अपनी माता के नाम पर एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बना, बल्कि मातृ सम्मान और संगठन की भावना को भी सशक्त करने वाला क्षण साबित हुआ। भाजपा बसना मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सेवा, संगठन और समर्पण की परंपरा का जीता-जागता उदाहरण है। यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाते हुए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि एक सशक्त बूथ ही मजबूत संगठन की आधारशिला है, और संगठन ही वह शक्ति है जो जनसेवा को जनआंदोलन में बदल देती है। इस मौके पर देवेंद्र भोई, नवीन साहू, प्रताप साहू, दयासिंधु साहू, श्रीवत्स साहू, जयकृष्ण भोई सहित अन्य मौजूद थे।


