अमृतसर में पंजाब सरकार के ‘मिशन रोज़गार’ के तहत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने विभिन्न विभागों में चयनित 60 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मेयर मोती भाटिया भी उपस्थित थे। मंत्री ने शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए एक नई कंपनी को टेंडर जारी करने की भी घोषणा की। इस दौरान मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं की तरक्की को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और रोजगार के नए अवसर पैदा करना उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने जोर दिया कि आज 60 परिवारों में आई खुशी सरकार के संकल्प और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का परिणाम है। मिशन रोजगार के तहत की जाएंगी और नियुक्तियां : रवजोत मंत्री ने यह भी बताया कि ‘मिशन रोज़गार’ के तहत आने वाले महीनों में और भी नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे पंजाब के युवा सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। अमृतसर की सफाई व्यवस्था पर बोलते हुए डॉ. रवजोत ने स्पष्ट किया कि पिछली सफाई कंपनी अपने दायित्वों को पूरा करने में विफल रही थी। कंपनी न तो कूड़ा उठाने का काम ठीक से कर पाई और न ही शहर के सफाई प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संभाल सकी। कई इलाकों से कूड़े के ढेर और अव्यवस्था की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके मद्देनजर, सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उस कंपनी का अनुबंध समाप्त कर दिया है और एक नई कंपनी को तुरंत टेंडर जारी कर दिया गया है। अमृतसर की सफाई व्यवस्था में होगा सुधार मंत्री ने विश्वास दिलाया कि नई कंपनी आधुनिक मशीनों, पर्याप्त कर्मचारियों और बेहतर प्रबंधन के साथ जल्द ही शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग अमृतसर के लोगों को कूड़े और गंदगी से पूरी राहत दिलाने के लिए लगातार काम कर रहा है। डॉ. रवजोत ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और अमृतसर को एक साफ, सुंदर और हरा-भरा शहर बनाने का लक्ष्य शीघ्र ही प्राप्त किया जाएगा।


