भ्रष्टाचारियों के खिलाफ किसानों का आंदोलन 12वें दिन भी जारी रहा। बुधवार को गुस्साए किसानों ने मंडलायुक्त कार्यालय पर धरना दिया। यहां अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं माने। वहीं, किसान नेता श्याम सिंह चाहर और छीतरियां का 9वें दिन अनशन जारी रहा।
दो दिन से सेहत खराब होने पर जिला अस्पताल में भर्ती किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह व किसान नेता श्याम सिंह चाहर बुधवार दोपहर 2 बजे बजे दर्जनों किसानों के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पर पंहुच गए। यहां उन्होंने अनशन किया।
इधर, मंडलायुक्त कार्यालय पर किसानों के पंहुचने की खबर मिलते ही पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान व थानाध्यक्ष ताजगंज भारी संख्या में पुलिस बल के साथ किसान नेताओं के मनाने पहुंच गए। मगर किसान सहकारिता विभाग गोदाम निर्माण में 4.12 करोड़ रुपये के घोटाले व अनियमितताओं में लिप्त भ्रष्ट अधिकारीयों व सहकारी आवासीय समिति के फर्जी सचिव पर कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
अधिकारीयों ने सेहत खराब किसान नेताओं से जिला अस्पताल में भर्ती कराए जाने का अनुरोध किया लेकिन उन्होंने मना कर दया। लगभग 4 घंटे मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन के बाद किसान विकास भवन पर पहुंच गए। यहां उन्होंने अपने धरने को जारी रखा।
इस दौरान सत्यवीर चाहर, प्रदीप शर्मा, अतुल सिरोही, रामू चौधरी, भरत कुशवाह, वीरेंद्र सिंह चाहर, राजेंद्र सिंह प्रधान, दाताराम लोधी, कल्याण सिंह, बाल किशोर आदि मौजूद थे।


