अलीगढ़ में बुधवार को एक गर्भवती महिला ने ट्रेन में ही बच्चे को जन्म दिया। गर्भवती महिला ट्रेन के जरिए दिल्ली से बिहार जा रही थी। तभी ट्रेन में ही उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। जिसके बाद ट्रेन में सवार महिला यात्रियों ने महिला की डिलीवरी कराई। इसके साथ ही यात्रियों ने ट्रेन में डिलीवरी होने की सूचना कंट्रोल रूम को भी दी। ट्रेन में बच्चे का जन्म होने की जानकारी मिलने पर आरपीएफ की टीम एलर्ट हो गई। जब ट्रेन अलीगढ़ पहुंची तो रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और महिला व उसके नवजात शिशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रेन को स्टेशन में रोककर दोनों को उतारा मूल रूप से बिहार की रहने वाली महिला हामिदा वर्तमान में अपने शौहर बुप्पी मियां के साथ दिल्ली में रह रही है। वह बुधवार को आनंद विहार से नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस में सवार हुई थी और बिहार जा रही थी। जैसे ही ट्रेन आनंद विहार से आगे निकली, महिला के प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि हामिदा ने 2025 के पहले दिन 1 जनवरी को ट्रेन में ही अपने बेटे को जन्म दिया। नार्थ ईस्ट अलीगढ़ में सिर्फ 2 मिनट के लिए ही रुकती है। जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल ट्रेन को अतिरिक्त समय के लिए अलीगढ़ में रुकवाया और जच्चा बच्चा को एंबुलेंस की मदद से तत्काल मोहनलाल गौतम महिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दो महिला कांस्टेबल कर रही देखरेख अलीगढ़ के आरपीएफ पोस्ट कमांडर अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रसूता और उसके नवजात शिशु का इलाज महिला अस्पताल में चल रहा है। महिला और उसका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और उन्हें किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। उनकी देखरेख के लिए दो महिला सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरपीएफ की महिला कांस्टेबल मोनिका यादव और सिंपल यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभी महिला डॉक्टरों की देखरेख में है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद महिला को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया जाएगा।


