खरगोन के सनावद में भाजपा पार्षद और नगर पालिका के सीएमओ में बुधवार को जमकर बहस हो गई। इस दौरान सीएमओ चक्कर खाकर केबिन में ही गिर पड़े। जिसके बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे, उन्होंने सीएमओ का हाल जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस और भाजपा पार्षद के साथ ही नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी भी अस्पताल में जमा हो गए। अवैध नल कनेक्शन पर कार्रवाई को लेकर बहस
बताया जा रहा है कि भाजपा पार्षद राजेश अंजाने ने सीएमओ राजेंद्र मिश्रा से अपने वार्ड नंबर 2 एमडी जैन कॉलोनी में अवैध नल कनेक्शन की कार्रवाई को लेकर बातचीत शुरू की। इस दौरान पार्षद आक्रोशित हुए। दोनों में बहस बढ़ गई। इसी दौरान सीएमओ की तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टर राहुल अग्रवाल ने बताया सीएमओ घबराकर गिर गए थे। उन्हें पहले से बीपी और शुगर की शिकायत है। यहां पहुंचने पर उनका बीपी और शुगर लेवल बढ़ा हुआ था। ईसीजी ठीक है। अभी स्थिति कंट्रोल में है। भाजपा पार्षद के सामने सीएमओ ने जोड़े हाथ
पार्षद और सीएमओ के बीच बहस का वीडियो भी सामने आया है। इसमें सीएमओ राजेंद्र मिश्रा पार्षद के सामने हाथ जोड़ रहे हैं। पार्षद का कहना था कि मैंने विधायक के सामने अवैध नल कनेक्शन काटने की बात क्या कही आप तो मेरे ही वार्ड से शुरुआत करने पहुंच गए। मुझे टारगेट बनाया। इस पर सीएमओ ने कहा कि मैं अब अपने कर्मचारियों को गाली नहीं खिलवाऊंगा। कार्रवाई बंद कर देंगे। कुर्सी पर बैठते ही गश खाकर गिर पड़े सीएमओ
सीएमओ पार्षद को समझाते हुए हाथ जोड़ने लगे। रोते हुए कहा कि दबाव न बनाएं। पहले ही परेशान हूं। मुझे भी जवाब देना है। यह कहते सीने को दबाते हुए कुर्सी पर बैठते ही गश खाकर गिर गए। कर्मचारियों ने उठाया और ऑटो में लिटाकर डॉक्टर राहुल अग्रवाल के हॉस्पिटल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। भाजपा पार्षद पर कार्रवाई की मांग, थाने में शिकायत
रात 8 बजे सीएमओ की तरफ से उनके भतीजे राहुल मिश्रा और नगर पालिका कर्मचारियों ने सनावद पुलिस को आवेदन देकर भाजपा पार्षद राजेश अंजाने पर कार्रवाई की मांग की। सीएमओ के भतीजे ने आरोप लगाते कहा कि उन्हें अटैक जैसा ही आया था। उनका सीटी स्कैन कराया गया है। रिपोर्ट आना बाकी है। इस मामले में सनावद थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने कहा कि सीएमओ की तरफ से दुर्व्यवहार, गालीगलौज, शासकीय काम में बाधा पहुंचाने को लेकर शिकायत की गई है। मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


