केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 1 से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाने का निर्देश दिया है। इस वर्ष इस अभियान को ‘परवाह’ थीम पर चलाया जाएगा। इसके तहत वर्ष 2025 के पहले ही दिन यानी बुधवार को रांची में जागरूकता अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा कमेटी और पिठौरिया थानेदार ने रांची-पतरातू रूट पर जांच अभियान चलाया। 700 लोगों की काउंसलिंग की गई। उन्हें वाहन चलाने के नियम, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाकर कार चलाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, ट्रिपल राइडिंग नहीं करने की नसीहत दी गई। परवाह थीम पर चलाए गए जागरूकता अभियान में करीब 400 वाहन सवारों की जांच की गई। करीब 75% यानि 300 वाहन सवार बेपरवाह दिखे। अधिकतर बाइक सवार बिना हेलमेट के दो से तीन लोगों को बैठाकर पिकनिक मनाने के लिए जाते मिले। कई बाइक व स्कूटी पर चार लोग भी सवार थे। पिठौरिया से पतरातू के बीच तेज रफ्तार का कहर दिखा। सड़क सुरक्षा कमेटी ने वाहन सवारों को रोका और उन्हें सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। स्कूल-कॉलेज में भी चलेगा अभियान, वाहन जांच भी होगी सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 31 जनवरी तक रोजाना जागरूकता कार्यक्रम चलेगा। चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच होगी। नियम तोड़ने वालों को पहले समझाया जाएगा। दोबारा मिलने पर जुर्माना भी वसूला जाएगा। वहीं, स्कूल-कॉलेज में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।


