हिमालय में बर्फबारी से 15 तक सर्दी का सितम, पारा 6 डिग्री तक जा सकता है

हिमालय के आसपास के राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। इस वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में इस बार पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लेकिन बर्फबारी का असर रांची सहित पूरे झारखंड पर दिख रहा है। दरअसल, झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो गया है। इस वजह से उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं से ठंड बढ़ गई है। न्यूनतम तापमान में अभी भी बहुत अधिक गिरावट नहीं हुई है। इसके बावजूद ठंड लग रही है। पहाड़ों में बर्फबारी होती रही तो 15 जनवरी तक सर्दी का सितम जारी रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है। जनवरी के अंत तक एक-दो बार बारिश भी हो सकती है। क्योंकि, पिछले कुछ वर्षों में जनवरी में बारिश होने का रिकॉर्ड रहा है। जनवरी में 12.3 एमएम बारिश होनी चाहिए। माह के दौरान पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ तो ठंड का असर कम हो सकता है। माह के अंत तक ठंड से राहत मिलने की संभावना है। लेकिन सरस्वती पूजा तक सिहरन वाली ठंड रहेगी। जनवरी का मौसम आगे क्या… 5 जनवरी के बाद चढ़ेगा पारा, सात के बाद फिर गिरेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने से आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। 4 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहेगा। लेकिन 5 जनवरी को बादल छाएगा। ऐसे में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। पारा 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 6 जनवरी को भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। 7 जनवरी से एक बार फिर मौसम में बदलाव दिखेगा। आसमान में बादल छाया रहेगा। सुबह में कोहरा और धुंध छाया रहेगा। इसके बाद एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी। 15 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट की संभावना नहीं जनवरी के पहले 15 दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। 15 जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में बहुत अधिक गिरावट की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है। बारिश हुई तो तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है। लेकिन वह भी काफी कम समय के लिए होगा। जनवरी माह में पिछले पांच वर्षों के दौरान न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। साल 2020 में 25 जनवरी को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले वर्ष 2024 में 15 जनवरी को सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जनवरी में दो वर्ष बारिश भी हुई। वर्ष 2020 में 3 जनवरी को 16.6 एमएम बारिश हुई थी। इस वर्ष पूरे माह 43.7 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। वहीं वर्ष 2022 में 13 जनवरी को 23.6 एमएम बारिश हुई थी। इस माह पूरे माह 34.4 एमएम बारिश हुई थी। पिछले 5 सालों में जनवरी में पारा 5.80 तक पहुंचा, 43 एमएम बारिश भी हुई

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *