खरसावां गोलीकांड का 77वां शहादत दिवस बुधवार को मनाया गया। सुबह से ही खरसावां में बने शहादत स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भीड़ उमड़ी। कतार में खड़े होकर आम लोगों ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित की। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा व सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता खरसावां गोपबंधु चौक से पदयात्रा कर खरसावां शहादत स्थल पहुंचे। शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद अर्जुन मुंडा ने कहा कि 1 जनवरी 1948 को आजाद भारत में पहली गोली कांड की घटना इस स्थान पर हुई थी। धरती पुत्रों ने अपना बलिदान देकर खरसावां को एक प्रेरणा स्थल के रूप में परिवर्तित कर दिया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर केंद्र सरकार ने देश के शहीदों को चिह्नित कर सम्मान देने का निर्णय लिया है। उन्होंने राज्य सरकार से इसमें सहयोग करने की अपील की। साथ ही शहीदों की पहचान के लिए प्रशासन से एक कमीशन गठित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के सम्मान में 7 दिनों का राजकीय शोक होने के बाद भी यहां जगह-जगह विभिन्न राजनीतिक दलों के बैनर-पोस्टर लगे हैं। यह प्रशासनिक विफलता है। खरसावां के शहीदों का सपना है अधूरा : जयराम खरसावां में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि खरसावां गोलीकांड में हुए शहीदों का सपना आज भी अधूरा है। पेसा कानून जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन होने पर आदिवासी रीति-रिवाज का अनुपालन होगा। कुर्बानी को राज्य सदा याद रखेगा : रामदास खरसावां में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि खरसावां के शहीदों की कुर्बानी को राज्य सदा याद रखेगा। शहीद स्थल है लोगों के लिए प्रेरणा केंद्र : दीपक राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने कहा कि खरसावां शहीद स्थल लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र है। एक तरफ देश आजादी का जश्न मना रहा था, दूसरी तरफ खरसावां की धरती रक्तरंजित हो रही थी। खरसावां पवित्र धरती है : सुखराम चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि झारखंड का इतिहास खरसावां शहीद स्थल से शुरू हुआ था। खरसावां की धरती पवित्र है, जहां से आंदोलन की शुरुआत हुई। इसके बाद विजय मिली। इन्होंने भी दी शहीदों को श्रद्धांजलि सांसद जोबा मांझी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक सुखराम उरांव, विधायक सविता महतो, दशरथ गागराई, विधायक जगत मांझी, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू व अन्य। खरसावां शहादत स्थल पहुंच श्रद्धांजलि दी। खरसावां में शहादत स्थल पर बुधवार सुबह से ही भीड़ उमड़ी। दिन भर कतार में लग कर आम लोग शहीदों को श्रद्धांजलि देते रहे। अलग-अलग दलों के नेता भी पहुंचे।


