पूजा कर नए साल की लोगों ने की शुरुआत, जश्न में डूबा शहर

भास्कर न्यूज | गिरिडीह नव वर्ष का लोगों ने उत्साह और उमंग के साथ स्वागत किया। रात 12 बजते ही एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। अधिकांश लोगों ने साल का पहला दिन खुशियां मनाते और मौजमस्ती के साथ बिताए। अपने-अपने तरीके से लोगों ने नववर्ष का आनंद उठाया। नववर्ष को लेकर मंगलवार देर रात से युवाओं की टोली डीजे पर थिरकते नजर आ रहे थे। साल के पहले दिन बुधवार को ज्यादातर लोगों के दिनचर्या की शुरुआत धार्मिक स्थानों पर पूजा अर्चना कर परिवार की सुख शांति की कामना से हुई। शहरी क्षेत्र के मकतपुर स्थित काली व संतोषी मंदिर, बड़ा चौक स्थित हनुमान मंदिर, पचंबा गढ़ मोहल्ला स्थित बजरंगबली मंदिर व नर्वदा धाम मंदिर, लेदा के नचनिया पहाड़ी धाम मंदिर, दुखहरणनाथ मंदिर, झारखंडधाम मंदिर, पंच मंदिर के अलावा अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। सुबह से अधिकांश लोग अपने-अपने घरों व पिकनिक स्थलों पर लजीज व्यंजन बनाने की तैयारी के लिए बाजारों में खरीदारी करते नजर आए। नववर्ष के जश्न के दौरान शहर में अधिकांश दुकानें देर शाम तक बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा रहा। क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट व मिठाई के दुकानों पर लोगों की आवाजाही लगी रही। सरकारी कार्यालय तो खुले रहे, लेकिन कर्मचारियों की उपस्थिति काफी कम देखी गई। कार्यालयों में आम लोगों का आना भी नहीं के बराबर था। बस पड़ाव में भी अन्य दिनों की अपेक्षा यात्रियों व वाहनों की संख्या कम दिखी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *