प्रभारी सचिव पहुंचे धान खरीदी केंद्र कहा- अधूरे काम 24 घंटे में पूरा करें

भास्कर न्यूज | जांजगीर जिले के प्रवास के दौरान प्रभारी सचिव एस. प्रकाश ने गुरुवार को अकलतरा, तिलई, खोखरा, कुटरा, पामगढ़, मेऊ, रहौद, खरौद, लोहर्सी और शिवरीनारायण में धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य धान खरीदी की गुणवत्ता, प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुविधाओं का अवलोकन था। निरीक्षण के दौरान कुछ केन्द्रों में तैयारी अधूरी पाई, जिसे 24 घंटे में पूरी करने कहा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने सभी केंद्रों में धान की गुणवत्ता, आर्द्रतामापी यंत्र के माध्यम से धान की नमी, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौलाई की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने किसानों से बातचीत कर अनुभव और धान विक्रय में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण में कई केंद्रों में अधूरी तैयारियों पर चिंता जताई। कुटरा केंद्र में 11 केवी का तार दिखा, तो उसे हटाने कहा। तार हटाना संभव न होने पर स्टेकिंग से दूरी बनाए रखने कहा। पामगढ़ केंद्र में प्रभारी सचिव ने प्रबंधकों और कंप्यूटर ऑपरेटर से धान की खरीदी और स्टेकिंग के सही तरीके के बारे में पूछा। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर धान का स्टैक लगाना और कौन-सी प्रजाति का धान खरीदा जाना है, इसकी जानकारी दी। प्रभारी सचिव ने किसानों से चर्चा कर सुविधाओं की जानकारी ली।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *