मवेशी तस्करों पर मुलमुला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 बैल छुड़ाए

भास्कर न्यूज | जांजगीर मुलमुला थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 बैलों को सुरक्षित बरामद किया है। पुलिस ने इन बैलों को गोठान में रखा है। घटना 20 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे की है। ग्राम जेवरा की ओर से तीन युवक लगभग 11 बैलों को मारते-पीटते पैदल हाँकते हुए ढाबाडीह की दिशा में ले जा रहे थे। एक आरोपी मोटरसाइकिल से उनके पीछे-पीछे चल रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत थाना मुलमुला को दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को धरदबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बैलों को गिधौरी की ओर ले जा रहे थे, जहां से गौ-तस्कर उन्हें खरीदकर बूचड़खानों में बेच देते हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4 और 6 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मेलाराम यादव (27) निवासी बोरसी, बिरेन्द्र उर्फ नरेन्द्र कुमार यादव (21) निवासी बोरसी थाना पामगढ़ और मुकेश कुमार मनहर (24) निवासी खोरसी थाना शिवरीनारायण शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *