भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर के अलग-अलग इलाकों में 3 दिन से एक बैल के आतंक से राहगीर परेशान हैं। उक्त बैल हमला करके करीब 4 लोगों को घायल कर चुका है। वहीं निगम को इस बैल के बारे में कुछ पता नहीं हैं। यह बैल अब तक मेडिकल एन्क्लेव, अवतार एवेन्यू, ईएसआई अस्पताल, रिषी विहार व दूसरे इलाकों में देखने को मिला है। फतेहगढ़ चूड़ियां निवासी राहिल ने बताया कि उनके पास इसकी सूचना आई थी तो बैल को खोजने की कोशिश की। मोंटू शर्मा निवासी अवतार एवेन्यू ने बताया कि उसके पड़ोस में बीते 31 दिसंबर को एक महिला को बैल ने उठाकर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गई। घायल का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पार्षद को फोन किया था तो भरोसा दिलाया है कि निगम अफसरों को कहकर बैल को पकड़वाएंगे। वहीं पार्षद बलविंदर सिंह गिल ने बताया कि लोगों की तरफ से शिकायत मिली है, कोई बैल लोगों को अपना शिकार बना रहा है। उसे खोजा गया लेकिन नहीं मिला है। लोगों को कहा है कि कहीं भी नजर आए तो तत्काल सूचना दें। निगम अफसरों से इसकी शिकायत करेंगे।


