संजय तिवारी | अमृतसर शहर में स्मार्ट सिटी के तहत 409 प्वाइंटों पर 1115 सीसीटीवी लगाने का काम करीब 2 साल के बाद नवंबर 2024 को पूरा हुआ, मगर पुलिस अभी ई-चालान की कार्रवाई शुरू नहीं करवा पाई है। यह प्रोजेक्ट 2023 में शुरू हुआ था, जिसमें 92 करोड़ से सिटी में 17 चौकों पर लगी ट्रैफिक लाइट्स को बदला गया और 1115 सीसीटीवी लगाए गए। जून 2023 में कहा गया था कि अगले 3 माह में यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा, मगर 3-3 माह करते नवंबर 2024 में सीसीटीवी लगाने का काम पूरा किया गया। बीच में सीसीटीवी चोरी भी हुए थे, जिनकी जगह नए लगाए गए। इसके अलावा कुछ कैमरों में क्वालिटी की शिकायत आ रही थी, जिसे रिप्लेस किया गया। प्रोजेक्ट में ई-चालान की कार्रवाई भी शुरू होनी थी, मगर प्रोजेक्ट पूरा हुए एक माह बीत चुका है मगर अभी तक पुलिस ई-चालान शुरू नहीं करा पाई है। पुलिस की लेटलतीफी के चलते वाहन चालक चौकों पर ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे। फोरएस चौक .लॉरेंस चौक .कैनल ऑफिस चौक .कंटोनमेंट चौक .राम तलाई चौक .सेशन चौक .अशौका चौक ^सिटी में सीसीटीवी लगाने का प्रोजेक्ट पूरा हो गया है। ई-चालान की शुरूआत पुलिस करेगी। बीच में जिन सीसीटीवी को लेकर समस्या आ रही थी, वह सभी ठीक कर दिए गए हैं। सभी कैमरे चल रहे हैं। स्मार्ट सिटी के तहत शहर में 409 प्वाइंटों पर 1115 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 17 चौकों पर ट्रैफिक लाइट्स बदली गई हैं। -संदीप, एसई, नगर निगम ^भले ही ई-चालान की कार्रवाई में देरी हुई है, मगर इसे जल्द शुरू करेंगे। अभी इस काम पर प्रोसेस चल रहा है। टीम से बात हुई है। 7 चौकों पर ई-चालान वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए जो ऑटोमेटिक नियम तोड़ने वाले वाहन की फोटो लेकर चालान करेगा। – हरपाल सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक ई-चालान शुरू न होने के कारण वाहन चालक चौकों पर ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं कर रहे। वाहन चालक रेड लाइट होने के बावजूद चौक पार करते हैं, जिससे सड़क हादसा होने का डर रहता है। 7 चौकों पर ई चालान वाले कैमरे लगाए हैं, जो नियमों का उल्लंघन करने वाहनों की तस्वीर लेकर चालान काटेंगे। अगर पुलिस जल्द ई-चालान की शुरूआत कर दे तो वाहन चालक नियमों का पालन करेंगे और हादसों का खतरा कम होगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ई-चालान शुरू कर दिए जाएंगे।


