गिरिडीह में हाथी ने किसान को कुचला:धान काटते समय हुआ हमला, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड के वन बीशनपुरा गांव में शनिवार को जंगली हाथियों के हमले में एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय जागो महतो के रूप में हुई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में सड़क जाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, जागो महतो अपने खेत में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान दो जंगली हाथी अचानक वहां पहुंच गए। हाथियों ने जागो महतो को जमीन पर पटक दिया और फिर कुचलकर मार डाला। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि पिछले तीन-चार दिनों से हाथियों का झुंड इसी क्षेत्र में घूम रहा था, लेकिन विभाग ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर खदेड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी लापरवाही के विरोध में ग्रामीणों ने बेंगाबाद-चतरो मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। वरीय अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। वन विभाग जमुआ के संजय कुमार संत ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, हाथियों को दूसरे सुरक्षित इलाके में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *