कोंडागांव के मड़ानार स्कूल में ‘न्योता भोज’ का आयोजन:कलेक्टर और एसपी ने छात्रों का मनाया जन्मदिन, खीर-पूड़ी परोसा गया

कोंडागांव जिले के शासकीय उच्च प्राथमिक शाला मड़ानार में छात्रों के जन्मदिन के अवसर पर ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया। सामुदायिक भागीदारी आधारित इस पहल में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के सौजन्य से बच्चों को खीर, पूड़ी और सब्जी का विशेष भोजन परोसा गया। इस मौके पर छात्रा दिव्या, दीपांजलि, रेशमी, रेश्मा और छात्र मुन्ना, युगल ने अपना जन्मदिन मनाया। संस्था के प्रधान अध्यापक पीएल नाग ने बताया कि ‘न्योता भोज’ योजना नागरिकों, राजनेताओं, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों को बच्चों से जुड़ने और उनके भोजन में योगदान करने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह योजना बच्चों को नियमित मध्याह्न भोजन के अलावा स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन, जैसे खीर, मिठाई, फल या अंकुरित अनाज प्रदान करती है। शिक्षिका ललिता समरथ ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें स्कूल आने के लिए और अधिक उत्साहित करना है। शिक्षिका आरती बेर ने बताया कि यह पूरी तरह से स्वैच्छिक है और दानदाता अपनी पसंद के अनुसार खाद्य सामग्री का चयन कर सकते हैं। शिवचरण साहू ने सभी बच्चों को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए जिला प्रशासन कोंडागांव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह ‘प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण’ (मध्याह्न भोजन) योजना का पूरक है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *