सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित राज्य स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में कोंडागांव जिले के लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए दल को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले इस दल को सम्मानित किया। कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि लिंगों घोटुल मांदरी नृत्य दल ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और अनुशासन से जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। उन्होंने इसे जिले की समृद्ध जनजातीय कला-संस्कृति और कलाकारों की प्रतिभा का प्रदर्शन बताया। हरवेल की रहने वाले टीम की सदस्य आरती नेताम ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह मुकाम कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद हासिल हुआ है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने जहां भी प्रस्तुति दी, पूरे समर्पण के साथ प्रदर्शन किया। पंचायत स्तर से शुरू हुई यह यात्रा राज्य स्तर तक पहुंची और उन्हें राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिला। जिसे वे गर्व का क्षण मानती हैं। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से दिए गए अवसरों के लिए आभार व्यक्त किया।


