देश की एकता अखंडता और संप्रभुता के संस्थापक लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स गवर्नमेंट ऑफ़ इंडिया की ओर से सरदार 150 यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में भारतीय जनता युवा मोर्चा छत्तीसगढ़ की 72 युवाओं की टोली शामिल होगी। इस टोली का नेतृत्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा करेंगे। ये टोली 23 नवंबर की दोपहर को रायपुर से नागपुर रवाना होगी। इस टोली को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव हरी झंडी दिखाकर खेल अकादमी के लिए रवाना करेंगे। पीएम मोदी के साथ युवा करेंगे पैदल मार्च दैनिक भास्कर से बातचीत में भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने बताया कि छत्तीसगढ़ से जाने वाले युवा नागपुर के केंद्र नर्मदा प्रवाह पहुंचेगे। यहां से यूनिटी मार्च की यात्रा 24 नवंबर को नागपुर से बस द्वारा प्रारंभ होगी, जो 25 नवंबर को बैतूल, 26 नवंबर को इंदौर और 27 नवंबर को गोधरा से आनंद करमसद पहुंचेगी। करमसद से एकतानगर तक युवा पदयात्रा में शामिल होंगे। इसके बाद 30 नवंबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखेंगे और फिर रायपुर लौटेंगे। इस यात्रा में देश भर से दो लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे। पीएम मोदी भी करमसद से एकतानगर तक देश भर के युवाओं के साथ पैदल मार्च में शामिल होंगे। सात दिन का आयोजन भाजयुमो अध्यक्ष के अनुसार छत्तीसगढ़ के युवा सात दिन बाद प्रदेश वापस लौटेंगे। इस सात दिनों की यात्रा में कई छोटे-बड़े कार्यक्रम होंगे, जिनमें सभी युवा हिस्सा लेंगे। यात्रा के दौरान रहने, खाने और स्वास्थ्य की सभी व्यवस्थाएं पहले से की गई हैं। इस दौरान प्रदेश महामंत्री भाजयुमो अंकित जायसवाल, उपाध्यक्ष जितेंद्र देवांगन, जिला अध्यक्ष रायपुर शहर गोविंद गुप्ता, अश्वनी विश्वकर्मा, वासु शर्मा और आकाशसिंह ठाकुर मौजूद थे।


