कांग्रेस बोली-ग्रामीण क्षेत्रों में सभी मतदाताओं तक नहीं पहुंचा पत्रक:SIR को लेकर टीएस सिंहदेव ने ली जिला स्तरीय समीक्षा बैठक,कुछ BLO कर रहे मनमानी

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में पूर्व डिप्टी सीएम TS सिंहदेव ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रशासन के दावे के उलट ग्रामीण इलाकों में लगभग 45 से 55 प्रतिशत मतदाताओं को ही गणना पत्रक प्राप्त हुआ है। कुछ BLO के खिलाफ अभद्रता की शिकायत भी कांग्रेस पदाधिकारियों ने की। बैठक में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के 10 सांगठनिक ब्लॉक के अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों के साथ SIR के लिए नियुक्त लोकसभा, विधानसभा, ब्लॉक के प्रभारी और सहप्रभारी मौजूद थे। समीक्षा बैठक में बूथवार आकलन में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बताया कि SIR को लेकर प्रशासन द्वारा जारी किए गए आंकड़े धरातल पर मौजूद यथार्थ से अलग हैं। प्रशासन ने लगभग शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण मतदाताओं तक करने का दावा किया है। गांवों में आधे मतदाताओं तक नहीं पहुंचा गणना पत्रक
कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में करीब 40 से 55 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि धान की कटाई में व्यस्त रहने के कारण एसआईआर के कामकाजी समय को बढ़ाने की मांग की गई है। साथ ही, किसानों की व्यस्तता के कारण एसआईआर की तारीख बढ़ाने की भी बात उठाई गई। BLO की मनमानी, कर रहे दुर्व्यवहार
बैठक में मौजूद पार्टी के कई बूथ लेवल एजेंट ने BLO द्वारा असहयोग और दुर्व्यवहार की जानकारी दी। यह भी जानकारी सामने आई है कि कई स्थानों पर BLO गणना प्रपत्रों का वितरण खुद न कर एक विशेष राजनैतिक दल के पदाधिकारियों और इस दल से संबंध रखने वाले पंच और पार्षदों के माध्यम से कर रहे हैं। TS सिंहदेव ने ऐसी स्थिति पर चिंता जाहिर करते हुए यह निर्देश दिया है कि ऐसी गतिविधियों वाले BLO के विरुद्ध संबंधित ERO को तत्काल लिखित शिकायत की जाए। उन्होंने कहा है कि गणना प्रपत्रों के वितरण और उन्हें भरवाकर इकट्ठा करने के लिये अब मात्र 12 दिन का समय शेष है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि बीएलओ को अतिरिक्त मानवीय सहयोग उपलब्ध कराएं। सिंहदेव ने जिला कांग्रेस कमेटी को निर्देश दिया है कि इन मुद्दों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को आवेदन दिया जाए जिससे मतदाताओं की परेशानी कम हो। SIR के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रभारियों की नियुक्ति
7 फरवरी 2026 तक चलने वाले SIR की प्रक्रिया के समन्वय को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने लोकसभा, विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की है। सरगुजा लोकसभा के लिए निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद प्रभारी होंगे। अंबिकापुर विधानसभा के लिए अजय अग्रवाल, सीतापुर विधानसभा के लिए पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और लुण्ड्रा विधानसभा के लिए सोमेश्वर सिंह प्रभारी नियुक्त हुए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में अंबिकापुर शहर के लिए डॉ अजय तिर्की, दरिमा के लिए राकेश गुप्ता, अम्बिकापुर ग्रामीण के लिए विनीत विशाल जायसवाल, लखनपुर के लिये विक्रमादित्य सिंहदेव, उदयपुर के लिए सिद्धार्थ सिंह, लुण्ड्रा के लिए मधु सिंह, धौरपुर मुनेश्वर राजवाड़े, सीतापुर डॉ लालचंद यादव, मैनपाट मो इस्लामुद्दीन और बतौली में संजीव मंदिलवार की नियुक्ति बतौर प्रभारी हुई है। प्रत्येक ब्लॉक में 2 से 3 सह प्रभारियों की भी नियुक्ति हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *