विश्व प्रसिद्ध जयसमंद झील की पाल पर बुधवार को नए साल के अवसर पर पर्यटकों की काफी भीड़ नजर आई। जहां पर्यटकों ने भ्रमण के साथ नए साल की शुरुआत की। सुबह से शाम तक उदयपुर, बांसवाड़ा, गुजरात, महाराष्ट्र, कलकत्ता, दिल्ली, डूंगरपुर व चित्तौड़गढ़ सहित कई जगहों से पहुंचे पर्यटकों ने झील में नौका विहार, महाराणा जयसिंह उधान, रूठी रानी व हवामहल में भ्रमण का लुत्फ उठाया। युवक-युवतियां अपनी जान जोखिम में डालकर झील किनारे (सेल्फी) रील बनाते देखे गए। वन विभाग के कन्हैयालाल पटेल ने बताया कि टिकट काउंटर के अनुसार 1155 पर्यटकों का प्रवेश रहा। वहीं आसपास के स्थानीय सहित करीब 200 लोगों ने भी भ्रमण का आनंद लिया। इस दौरान बाहर से आए करीब 38 पर्यटकों ने रूठी रानी और हवामहल में भ्रमण कर झील की जानकारी जुटाई। इसी तरह अभयारण्य में आठ पर्यटकों ने जंगल सफारी करते हुए नए साल की शुरुआत की। जहां पहले दिन पर्यटकों को चीतल, सांभर, नीलगाय, जंगली सूअर व भालू सहित कई जानवर देखने का लुत्फ उठाया।


