राज्य सरकार एवं परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से इस वर्ष सड़क सुरक्षा माह का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जा रहा है जिसकी थीम ‘‘परवाह‘‘ रखी गई है। कलेक्टर डॉ. अमित यादव ने सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ करते हुए जिला कलेक्ट्रेट परिसर से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारि यों एवं आमजन को सुरक्षित वाहन चलाने की शपथ दिलाई। साथ ही सड़क सुरक्षा की महत्त्वपूर्ण जानकारी संबंधी किताब का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को राज्य की सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय बताया। सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर में कमी लाने के हर संभव प्रयास किए जाएं। जिला परिवहन अधिकारी ललित गुप्ता ने बताया कि टीकेन्द्र सिंह परिवहन निरीक्षक के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा के स्लोगन लगी तख्तियों के साथ बाइक रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से शहर वासियों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर बिजलीघर से सरकूलर रोड होते हुए यातायात चौराहे पर समाप्त हुई। जिला परिवहन अधिकारी अभय मुदगल ने सडक सुरक्षा माह के दौरान समस्त राजकीय विभागों, स्वंय सेवी संस्थाओं , हितकर विभागों व आमजन को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह में सहभागिता निभाकर मुख्य विषय ’’परवाह’’ का प्रचार-प्रसार करने हेतु आग्रह किया है। कार्यक्रम में अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, अतिरिक्त कलेक्टर शहर राहुल सैनी, सहायक निदेशक लोक सेवाएं भारती भारद्वाज, उपखण्ड अधिकारी भरतपुर राजीव शर्मा, सहायक लेखाधिकारी सुभाष चन्द शर्मा, परिवहन निरीक्षक शिवराम यादव आदि मौजूद रहे।


