तिल्दा-नेवरा पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत नशे के खिलाफ कार्रवाई की है। इस अभियान में अवैध शराब और गांजा जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दो आरोपियों पर आबकारी अधिनियम और एक पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि 21 नवंबर को सूचना पर वार्ड 15 देवार पारा में दबिश दी गई। यहां राजपाल नामक युवक अवैध रूप से शराब बेच रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 27 पौवा देसी मसाला शराब, जिसकी कीमत 3,000 रुपए है, और 370 रुपए कैश जब्त किए। 21 नवंबर की रात को ग्राम भूमिया पारधी डेरा स्थित इमली पेड़ के पास भी कार्रवाई की गई। यहां वैष्णवी पारधी नामक महिला अवैध रूप से शराब बेचते हुए पाई गई। उसके पास से 25 पौवा देशी मसाला शराब, जिसकी कीमत 2,500 रुपए है और 300 रुपए बिक्री की रकम जब्त की गई। 210 ग्राम गांजा बरामद 21 नवंबर की सुबह भूमिया चौक पर एक अन्य सूचना पर दबिश दी गई। आरोपी इंदु सतनामी के पास से पीले रंग के कैरीबैग में 210 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4,000 रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


