शहीदों के सरताज गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी गुरुपर्व के उपलक्ष्य में श्री गुरुनानक सत्संग सभा द्वारा और श्री गुरु सिंह सभा द्वारा 25 नवंबर को विशेष दीवान सजाए जाएंगे। इस उपलक्ष्य में कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा से रविवार को सुबह 5:30 बजे भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जबकि मेन रोड गुरुद्वारा से विशेष प्रभातफेरी निकाली जाएगी और स्त्री सत्संग सभा द्वारा श्री अखंड पाठ रखा जाएगा। श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी गुरुपर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा द्वारा रविवार को निकलने वाले नगर कीर्तन में स्त्री सत्संग सभा, गुरु नानक सत्संग सभा की कीर्तन मंडली, गुरुनानक सेवक जत्थे और माता गुजरी जत्थे के सदस्यों द्वारा संगत के साथ गुरु महाराज की सवारी के आगे आगे शबद गायन किया जाएगा। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज निशानची और पंज प्यारे करेंगे। सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि नगर कीर्तन के लिए चार पहिया वाहन को फूलों से सजाया जा रहा है और सभी चौक-चौराहों पर नगर कीर्तन के भव्य स्वागत की तैयारी चल रही है। सत्संग सभा के सचिव सुरेश मिड्ढा ने श्रद्धालुओं से नगर कीर्तन में शामिल होने की अपील की है। मेन रोड गुरुद्वारा से आज निकाली जाएगी प्रभातफेरी उधर श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने बताया कि रविवार को मेन रोड गुरुद्वारा से प्रभातफेरी शुरू होगी और नगर भ्रमण के बाद वापस गुरुद्वारा पहुंचकर विसर्जित होगी। 24 नवंबर को मेन रोड गुरुद्वारा में विशेष दीवान सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को सुबह 9 बजे से श्री अखंड पाठ के भोग के बाद में रोड गुरुद्वारा में शहीदी दिवस सजाया जाएगा और उसके बाद गुरु का अटूट लंगर होगा।


