भगवान श्रीराम का तिलकोत्सव आज, 25 को कुसई कॉलोनी से निकलेगी बारात

श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर निवारणपुर में 25 नवंबर को विवाह पंचमी का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी में मंदिर कमेटी के सदस्य जुट गए हैं। रविवार से डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी राम मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। यहां का राम मंदिर वर पक्ष होता है। यहीं से श्रीराम, लक्ष्मणजी और माता सीता की झांकी निकलेगी। कुसई कॉलोनी राम मंदिर से बारात पूरे गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। तपोवन के महंत ओम प्रकाश ने बताया कि रविवार को कुसई कॉलोनी राम मंदिर में शाम को भगवान श्रीराम जी का तिलक चढ़ाया जाएगा। इसके बाद वहां के पुजारी तपोवन मंदिर आकर विवाह के लिए न्योता देंगे। 24 को मटकोड़ का आयोजन किया गया है। 25 को हल्दी कर शाम में धूमधाम से झांकी के साथ बाराती तपोवन मंदिर आएंगे। यहां सभी बारातियों का स्वागत भव्य रूप से किया जाएगा। साथ ही भंडारा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद तपोवन से ठाकुर जी को लेकर कुसई मंदिर में जाएंगे, जहां धूमधाम से विवाह संपन्न होगा। 26 को चौठारी का आयोजन किया गया है। कुसई कॉलोनी राम मंदिर में रविवार से महिलाओं द्वारा गीत-संगीत शुरू हो जाएगा। इधर, गाड़ीखाना स्थित द्वारिकाधीश में विवाह पंचमी के दिन मंदिर में श्रीराम-सीता का विवाह संपन्न होगा। भोग-भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समधी मिलन, प्रीतिभोज और भव्य झांकी 25 को इधर, धुर्वा स्थित श्रीराम दरबार में 25 नवंबर को श्रीराम विवाहोत्सव पर समधी मिलन, प्रीतिभोज, झांकी और आतिशबाजी सहित कई कार्यक्रम होंगे। महंत अनिल कुमार ने बताया कि 28 नवंबर को चौठारी का आयोजन कर भोग वितरण किया जाएगा। वहीं, चुटिया प्राचीन श्रीराम मंदिर के विजय साहू ने बताया कि राम विवाहोत्सव के दिन सुबह से ही कई विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे। भगवान श्रीराम सहित सभी देवी-देवताओं का विशेष शृंगार होगा। सर्जना चौक श्रीराम मंदिर मेंे 24 नवंबर को श्रीराम विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। सुबह 8 बजे से 10 पंडितों द्वारा अखंड रामायण पाठ शुरू होगा, इसके बाद सुंदरकांड पाठ, शाम में विवाह, आरती व प्रसाद वितरण होगा। मंदिर विशेष रूप से सजाया जाएगा ध्रुव, सर्वार्थ सिद्धि और रवि योग का संयोग 25 नवंबर को शहर के विभिन्न मंदिरों में विवाह पंचमी के दिन भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह उत्सव मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य प्रणव मिश्रा ने बताया कि विवाह पंचमी तिथि 24 नवंबर को शाम में 6:16 बजे प्रवेश करेगी, वहीं 25 नवंबर को रात 7:12 बजे तक रहेगी। उदयातिथि मान्य होने के कारण विवाह पंचमी 25 नवंबर को मनाया जाएगा। पंचमी को विवाह लग्न नहीं होने के बाद भी माता सीता और भगवान राम के विवाह होने के चलते आज के दिन लोग अपने वैवाहिक जीवन में सुख और सौभाग्य की प्राप्ति के लिए उनके विवाहोत्सव को मनाएंगे। इस वर्ष विवाह पंचमी के दिन अति शुभ योग बन रहे हैं। ध्रुव योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग का संयोग रहेगा, जो स्थिरता और सफलता का प्रतीक के साथ सभी कार्यों में सफलता देने वाला होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *