एएसआई ने मनाया विश्व विरासत सप्ताह

भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से अमृतसर के कंपनी बाग स्थित महाराजा रणजीत सिंह समर पैलेस में शनिवार को विश्व विरासत सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बच्चों को पंजाब की समृद्ध विरासत को समझने और उसे संजोने की जिम्मेदारी निभाने का प्रेरक संदेश दिया। इस मौके पर सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि पंजाब का इतिहास केवल अतीत की कहानी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर का मूल आधार है। उन्होंने महाराजा रणजीत सिंह के जीवन, उनके शासन और पंजाब की गौरवशाली पहचान पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपनी विरासत को समझें और इसे आगे बढ़ाने में योगदान दें। कार्यक्रम में श्रीराम आश्रम स्कूल और फोर-एस स्कूल के विद्यार्थियों के लिए ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने पंजाब की विरासत, इतिहास और संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। बच्चों की पेंटिंग्स ने न सिर्फ उनकी कल्पनाशीलता को सामने लाया, बल्कि यह भी दिखाया कि नई पीढ़ी विरासत संरक्षण के प्रति कितनी संवेदनशील है। कार्यक्रम का संचालन एएसआई चंडीगढ़ सर्किल के अमृतसर उप-मंडल की टीम द्वारा किया गया। उनके साथ हीरा सिंह, गुरप्रीत शर्मा, मोनिका, फूलचंद मंडल, शमशेर लाल और रवि गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूलों की ओर से सिम्मी राजपूत, पूनम बाला और सुदेश कुमार ने एएसआई के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में विरासत संरक्षण की भावना को और प्रबल करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *