अमृतसर| सिटी में बढ़ते ट्रैफिक जाम को लेकर शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशों पर एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने सभी जोन इंचार्जों की बैठक बुलाई। बैठक में शहर के उन इलाकों पर खास चर्चा हुई जहां आए दिन जाम की स्थितियां बनती हैं। बैठक में फैसला लिया गया कि गुमटाला बाईपास, इन-आउट बेकरी चौक, लोहारका पुल, फतेहगढ़ चूरियां बाईपास, मजीठा रोड बाईपास, वेरका बाईपास, वल्ला बाईपास, सब्जी मंडी और शहर के अंदरूनी पॉइंटों पर अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों को तैनात किया जाए। जोन इंचार्जों को निर्देश दिए गए कि वे खुद मौके पर रहकर ट्रैफिक को सुचारू रखें और किसी भी हाल में जाम न लगने दें। हाईकोर्ट के आदेशों के तहत जुगाड़ू रेहड़ियों और मोडीफाइड वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा ट्रिपल राइडिंग, काली फिल्म, बुलेट के पटाखे जैसी उल्लंघनों पर 17 चालान काटे गए। अशोका चौक से भंडारी पुल तक, लिबर्टी मार्केट की दोनों साइडों पर और पुतलीघर बाजार में एडीसीपी ट्रैफिक ने खुद जोन इंचार्जों के साथ जाकर दुकानदारों को चेतावनी दी।


