धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में केंद्रीय कृषि मंत्री के कार्यक्रम के बाद गंदगी और कचरे का अंबार लग गया है। इससे खिलाड़ी परेशान हैं, क्योंकि उन्हें अब इसी मैदान में प्रैक्टिस करना पड़ रहा है। दरअसल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के धमतरी प्रवास के दौरान शहर में तेजी से सफाई और सौंदर्यीकरण का काम किया गया था। यह कार्यक्रम एकलव्य खेल मैदान में आयोजित हुआ था, जिसके चलते खिलाड़ियों को कुछ दिनों के लिए मैदान में आने से रोक दिया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि मैदान साफ मिलेगा, लेकिन अब तक सफाई न होने से उनमें निराशा है। मैदान में जगह-जगह कचरा फैला हुआ है, जिससे खेल गतिविधियों में बाधा आ रही है। एनएसयूआई ने किया खिलाड़ियों का समर्थन इस मुद्दे पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने खिलाड़ियों का समर्थन किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 23 नवंबर तक मैदान की सफाई नहीं की गई, तो एनएसयूआई और खिलाड़ी स्वयं सफाई अभियान चलाएंगे। राजा देवांगन ने कहा कि सफाई के बाद मैदान से निकला कचरा 24 नवंबर को महापौर और जिम्मेदार अधिकारियों के घर के बाहर रखा जाएगा। उन्होंने नगर निगम और अन्य विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। देवांगन ने आरोप लगाया कि मंत्री के आगमन से पहले जिस तेजी से काम हुआ, वह अब गायब है। उन्होंने कहा कि 12 दिनों तक खिलाड़ियों को मैदान से दूर रखा गया, लेकिन कार्यक्रम के बाद भी सफाई न होना खिलाड़ियों के साथ सीधा अन्याय है।


