शिमला में सड़क पर बने गड्डे में फंसी बस:DC ने फोरलेन निर्माण पर लगाई रोक; टनल कंस्ट्रक्शन से घरों में दरारें, आपदा की आशंका

हिमाचल की राजधानी शिमला के उपनगर भट्टाकुफर में आज सुबह एक सरकारी बस के नीचे सड़क धंस गई। सड़क पर लगभग 15 फीट गहरा और सात से आठ फीट चौड़ा गड्डा बन गया। इस दौरान बस में चढ़ रही एक स्कूली बच्ची भी इसमें धंस गई। इस हादसे के बाद DC अनुपम कश्यप और SSP शिमला संजीव कुमार गांधी मौके पर पहुंचे। DC ने आगामी आदेशों तक टनल के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। डीसी ने बताया- इस तरह की घटना पहली बार देखने को मिली है। ADM अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (लॉ एंड ऑर्डर) और ASP को संयुक्त रूप से निर्देश दिए गए कि कैंथलीघाट से शिमला फोरलेन निर्माण के दौरान चल रहे टनल कार्य की रिपोर्ट तैयार करें। लोगों के घरों में दरारें आई: DC डीसी ने कहा- जिस जगह जमीन धंसने की घटना पाई गई है, उसके समीप टनल का कार्य चल रहा है। जिला प्रशासन ने स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथोरिटी को पत्र लिखकर इस घटना के बाद आपदा की आशंका जताई है। उन्होंने कहा- जब मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों के घरों में भी दरारें देखने को मिली है। इसलिए, फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी को निर्देश दिए गए कि आगामी आदेशों तक निर्माण कार्य पूर पूर्ण रोक रहेगी। उन्होंने कहा- लोगों की जान को खतरे में नहीं डाला जा सकता। ऑकलैंड स्कूल की बच्ची गड्डे में गिरी बता दें कि सुबह के वक्त ऑकलैंड स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा प्रियांशी धंस गई। पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के मुताबिक, बच्ची को रस्सी के सहारे बाहर खींचा गया। अच्छी बात यह है कि वह पूरी तरह सुरक्षित है। सड़क पर गड्डा बनने के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस नंबर HP-63A-8832 का अगला टायर इसमें फंस गया। बस थोड़ी सी आगे होती तो पूरी बस गड्डे में समा सकती थी। बस को अब क्रेन के सहारे बाहर निकाला जाएगा। स्थानीय लोगों में NHAI के खिलाफ रोष स्थानीय लोगों ने यहां पर फोरलेन की टनल बना रहे नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) पर लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य के आरोप लगाए है। दरअसल, जिस जगह पर सड़क धंसी है, उसके नीचे NHAI टनल का निर्माण कर रहा है। इससे कई घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। पार्षद बोले- NHAI की लापरवाही से कई घरों में दरारें पड़ी शिमला नगर निगम के भट्टाकुफर वार्ड के पार्षद नरेंद्र ठाकुर (नीटू) ने बताया कि NHAI की लापरवाही से कई घरों में भी दरारें पड़ गई है। इससे पहले, बरसात में एक बहुमंजिला मकान जमींदोज हो चुका है। उन्होंने बताया कि फोरलेन की टनल के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा। इस वजह से भट्टाकुफर में कई घर खतरे की जद में आ गए हैं। भट्टाकुफर से चलौठी तक टनल बना रहा NHAI बता दें कि भट्टाकुफर से संजौली के चलौठी तक फोरलेन की करीब ढाई किलोमीटर लंबी टनल बनाई जा रही है। जमीन के नीचे जहां टनल बन रही है, उसके ऊपर बड़ी संख्या में मकान बने हुए है। आज सुबह के हादसे के बाद लोग दहशत में आ गए है। हिमाचल के मंत्री खोल चुके एनएचएआई की पोल इसी लापरवाही के कारण हिमाचल के पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भी एनएचएआई के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। उन्होंने एनएचएआई के निर्माण कार्य पर सवाल उठाए है और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी अवगत कराया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *