पंजाब सरकार बीते दिनों आई बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा दे रही है। इसको लेकर गांवों में बाढ़ से हुए फसलों के नुकसान और गिरे मकानों आदि को लेकर पीड़ितों को लेटर बांटे जा रहे हैं। जलालाबाद हलके में स्थानीय विधायक गोल्डी कंबोज गांव में पहुंचकर लोगों को मुआवजा जारी करने के लिए सेंक्शन पत्र दे रहे हैं। इस दौरान लोगों ने विधायक से शिकायत की कि कई जगह पर कुछ लोगों को डबल मुआवजा दिया जा रहा है। इसको लेकर उन्होंने लोगों के बीच ही एसडीएम को फोन लगाया और दो टूक कहा कि अगर ऐसा कोई भी मामला सामने आया तो उक्त अधिकारी को सस्पेंड किया जाएगा। जलालाबाद के कई गांव इस बार सतलुज नदी में हुए ओवरफ्लो के चलते बाढ़ की चपेट में आए। कई गांवों का सड़क संपर्क भी टूटा। इस दौरान जहां फसलें बुरी तरह से प्रभावित हुईं, वहीं कई लोगों के घर भी गिर गए। क्षेत्र में इसको लेकर मुआवजे का वितरण हो रहा है। मौके पर अधिकारी को फोन कर जांच करने को कहा इसको लेकर जलालाबाद से आम आदमी पार्टी के हलका विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी अपनी टीम सहित गांव चक्क खीवा में पहुंचे। लोगों को सेंक्शन पत्र दिए गए। इसी दौरान लोगों ने विधायक से कहा कि कुछ लोगों को यहां डबल मुआवजा दिया जा रहा है। इस पर विधायक ने आपत्ति जताई और मौके पर ही लोगों के बीच स्पीकर पर एसडीएम को फोन लगाया और कहा कि इसकी जांच की जाए। अगर ऐसा कोई भी मामला सामने आता है और इसमें किसी अधिकारी की संलिप्तता मिली तो उसे सस्पेंड करवाया जाएगा। विधायक ने तुरंत लिस्ट मंगवाई इतना ही नहीं, उन्होंने इसके बाद तुरंत लिस्ट मंगवाई और एक-एक व्यक्ति का नाम लेकर पूछा कि उन्हें बाढ़ के दौरान गिरे मकान का मुआवजा मिला या नहीं। अगर नहीं मिला तो उन्हें नोट करवाए, जिसकी जांच कर मुआवजा दिया जाएगा।


