पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के जंघासी गांव के 45 वर्षीय श्रवण भुइयां का शव खेत से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। देर रात जब उनके घर के लोग खाना लेकर खेत की ओर गए, तब उन्हें श्रवण का कोई अता-पता नहीं मिला। आसपास तलाश की गई तो खेत के किनारे उनका शव पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना रविवार को पुलिस को दी गई। पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। परिजनों ने लगाया जमीन विवाद में हत्या का आरोप मृतक के परिवार ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि सोची-समझी हत्या है। श्रवण के भाई ने बताया कि गांव के सलीम अंसारी के साथ 13 कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सलीम के पिता ने यह जमीन श्रवण के पिता राजकुमार भुइयां के नाम लिख दी थी, लेकिन सलीम दावा करता है कि यह जमीन उसकी पत्नी के नाम है। इसी को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई वर्षों से तनाव बना हुआ था। परिजनों ने कहा कि सलीम ने श्रवण को पहले भी कई बार खुलेआम जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार रात श्रवण पटवन के लिए खेत पर गए थे। हत्या का आरोप सलीम, उसकी पत्नी और करीब आधा दर्जन लोगों पर लगाया गया है। परिवार का कहना है कि वे लंबे समय से इस विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। पिता ने देखे संदिग्ध लोग, पुलिस ने शुरू की जांच मृतक के पिता राजकुमार भुइयां ने बताया कि रात में जब वह खाना लेकर खेत की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने सलीम और उसकी पत्नी को खेत की तरफ से जाते हुए देखा था। आगे बढ़ने पर चार अन्य लोग भी उन्हें भागते हुए नजर आए। खेत पर पहुंचकर उन्होंने श्रवण का शव देखा तो उनके होश उड़ गए। परिवार का कहना है कि यह पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा है। आरोपितों ने मिलकर श्रवण की हत्या की है। उधर पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो पाएगी। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।


