राजनांदगांव के बसंतपुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपी सईद खान को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर दूसरे की जमीन को अपनी बताकर एक व्यक्ति से 6 लाख रुपए की ठगी की थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात सहदेव नगर निवासी 35 वर्षीय सईद खान से हुई थी, जिसने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताया। सईद ने पहले लखोली क्षेत्र में 5000 वर्ग फुट के एक प्लॉट को अपना बताकर 27.50 लाख रुपए में सौदा तय किया और 3 लाख रुपए बयाना राशि ली। बाद में आरोपी ने रामनगर स्थित 5000 वर्ग फुट की एक अन्य भूमि को भी अपना स्वामित्व बताकर 27.50 लाख रुपए में सौदा तय किया और फिर से 3 लाख रुपए बयाना राशि प्राप्त की। पीड़ित को बाद में पता चला कि सईद खान ने दूसरों की जमीन को अपनी बताकर कुल 6 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। धारा 420 के तहत कार्रवाई इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और आरोपी सईद खान को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक वारंट पर जेल भेज दिया गया।


