क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने छत्तीसगढ़ सरकार को ‘आर-पार की चेतावनी’ दी है। यह चेतावनी वीरेंद्र सिंह तोमर की गिरफ्तारी के दौरान अमानवीय बर्ताव और पुलिस हिरासत में उनकी बहू के साथ कथित अश्लील व्यवहार के मामले में दी गई है। इस मामले को लेकर 7 दिसंबर को रायपुर में ‘क्षत्रिय स्वाभिमान न्याय एवं नारी अस्मिता महापंचायत’ बुलाई गई है। डॉ. शेखावत ने बिलासपुर में एक पत्रकार वार्ता में बताया कि तोमर परिवार के साथ हो रहे अत्याचार के विरोध में यह महापंचायत आयोजित की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीरेंद्र सिंह तोमर की गिरफ्तारी से पहले निकाले गए जुलूस में अमानवीय बर्ताव किया गया। इसके अलावा, हिरासत के दौरान वीरेंद्र सिंह की छोटी बहू के साथ एक पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर अश्लील व्यवहार किया गया, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार पीड़ित परिवार से बात करे शेखावत ने कहा कि करणी सेना छत्तीसगढ़ के गांवों में जाकर लोगों को महापंचायत में शामिल होने का न्योता दे रही है। उन्होंने राज्य सरकार से आग्रह किया कि वे पीड़ित परिवारों से चर्चा करें। उन्होंने वादा किया कि यदि सरकार बातचीत करती है, तो आने वाले चुनावों में प्रत्येक क्षत्रिय उन्हें मतदान करेगा। करणी सेना अध्यक्ष ने घटनाक्रम की जांच, एसआईटी के गठन और दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नाम रोशन कर रहे हैं, लेकिन पार्टी में कुछ लोग ऐसे हैं जो पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं। पुलिस पर लगाए संगीन आरोप
करणी सेना के अध्यक्ष ने हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में कहा कि किसी व्यक्ति पर सिर्फ आरोप लगने से वह दोषी नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका के न्याय से पहले ही तोमर परिवार पर ऐसा प्रहार किया जा रहा है, इसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तोमर के मामले में पुलिस अपने दायरे से बाहर जाकर काम कर रही है, और ऐसा बिना किसी सरकारी अधिकारी की अनुमति के नहीं हो सकता। छत्तीसगढ़ में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो
उन्होंने कहा कि वह गुजरात से चलकर इसलिए आए हैं, ताकि छत्तीसगढ़ के नागरिकों के साथ भविष्य में कोई भी पुलिस कर्मी खिलवाड़ न कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कस्टडी में तोमर परिवार की बहू के साथ गंदा बर्ताव किया गया, उन्हें धमकी दी गई कि तेरे पति को अंदर कर देंगे। उन्होंने कहा कि तोमर परिवार के मामले में पूरा क्षत्रिय समाज खड़ा है। परिवार की बहू ने पुलिसिया बर्ताव की सारी बातें मेरे सामने रखी। तोमर के खिलाफ आरोप सिद्ध होने पर समाज साथ नहीं होगा
एक सवाल के जवाब में शेखावत ने कहा कि यदि तोमर के खिलाफ लगाए आरोप सिद्ध हो जाएं तो कोई भी क्षत्रिय समाज उनके साथ खड़ा नहीं होगा। उन्होंने टिप्पणी की कि आरोप तो गृह मंत्री पर भी लगाए गए हैं। आरोप तो गृह मंत्री पर भी लगे हैं
पलटवार करते उन्होंने कहा कि गृह मंत्री स्टेटमेंट देते हैं कि करणी सेना गिरोह है। सच्चाई यह है कि हम जो कर रहे हैं वह सनातन धर्म के लिए कर रहे हैं। खुद के लिए गुजरात से यहां नहीं आए हैं। छत्तीसगढ़ के लोगों को भविष्य में तानाशाही का सामना करना न पड़े, इसलिए आए हैं।


