कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम उड़कुड़ा में मंगलवार दोपहर एक तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे चचेरे भाई थे और उनकी उम्र 6 साल थी। वे दूसरी कक्षा में पढ़ते थे। मृतकों की पहचान लोमेश जुर्री और आयुष जुर्री के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर लगभग 2 बजे की है। गांव के तीन बच्चे खेलते हुए जोगी गुफा के पास स्थित तालाब पर पहुंचे थे। उनमें से एक बच्चा तालाब के किनारे खड़ा रहा, जबकि लोमेश और आयुष पानी में उतरकर खेलने लगे। खेलते-खेलते वे गहरे पानी में गए बच्चे डूबे खेलते-खेलते वे गहरे पानी में चले गए। काफी देर तक जब दोनों बच्चे पानी से बाहर नहीं आए, तो बाहर खड़े बच्चे ने घबराकर रोना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्काल तालाब से दोनों बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें तुरंत चारामा अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर चारामा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


